डीग जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन रोकने के लिए 'ऑपरेशन पृथ्वी' चलाया जा रहा है। इसी के तहत सीकरी थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने अवैध पत्थर-गिट्टी से भरे 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए हैं। इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के निर्देश पर की गई। पुलिस के मुताबिक 24 सितंबर को सीकरी थाना प्रभारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई थी। इसमें एएसआई बृजेंद्र सिंह भी शामिल थे। टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी। इसके बाद टीम पालका से बलदेववास रोड पर श्मशान घाट के पास पहुंची। वहां गांव जयश्री की तरफ से 4 ट्रैक्टर आते दिखे। सभी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में अवैध तरीके से निकाली गई खड़बड़ गिट्टियां और पत्थर भरे हुए थे। पुलिस टीम ने ट्रैक्टरों को रोका और चालकों से पूछताछ की। उनकी पहचान सचिन (20), पुत्र करतार सिंह, निवासी झिररेड़ी (थाना जालूकी) के रूप में हुई। दूसरे आरोपी ओसाब (25), पुत्र गनीफ, निवासी कंगला का बास (थाना सीकरी) हैं। तीसरे आरोपी देवेंद्र (25), पुत्र चरण सिंह, निवासी तालड़ा (थाना गोविंदगढ़, जिला अलवर) हैं। चौथे आरोपी जहीर (20), पुत्र फकीरदीन, निवासी लवाण (थाना सीकरी) हैं। पुलिस ने चारों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर लिया। इनमें अवैध खनिज सामग्री भरी हुई थी।