डीग जिले में अवैध खनन के खिलाफ 'ऑपरेशन पृथ्वी' के तहत खोह थाना पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने अवैध पत्थर खनन और परिवहन के मामले में हाकिम दीन उर्फ हक्कू (45) निवासी गढ़ीमेवात को गिरफ्तार किया। पत्थरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जब्त की। 26 सितंबर को सूचना मिली थी कि गढ़ीमेवात के पहाड़ों से अवैध पत्थर ले जाए जा रहे हैं। टीम ने एक आयशर 380 ट्रैक्टर और बिना नंबर की ट्रॉली को रोका। इसमें करीब 60 मन पत्थर भरे थे। ड्राइवर हाकिम दीन के पास पत्थर ले जाने की कोई परमिशन नहीं थी। उसने बताया कि वह वन संरक्षित क्षेत्र से अवैध रूप से पत्थर चोरी करके ला रहा था। आरोपी हाकिम दीन के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस और धारा 41, 42 राजस्थान वन अधिनियम के तहत केस दर्ज हुआ है। इस कार्रवाई में खोह थानाप्रभारी शिवलहरी, एएसआई राजेंद्र सिंह, कॉन्स्टेबल प्रदीप कुमार और योगेंद्र सिंह शामिल रहे। पुलिस आगे की जांच कर रही है।