डीग नगरपरिषद के उपसभापति पद के लिए मंगलवार को चुनाव संपन्न हुआ। उपसभापति पद के लिए हुए मतदान में कुल 40 पार्षदों ने मतदान किया और सभी 40 मत प्रदीप कुमार शर्मा उर्फ बंटू के पक्ष में पड़े। इस तरह प्रदीप कुमार शर्मा उर्फ बंटू ने उपसभापति पद पर जीत दर्ज की। निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार मीणा ने बताया कि उपसभापति पद के लिए कुल 40 मतदाताओं में से सभी 40 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद मतगणना की गई, जिसमें प्रदीप कुमार शर्मा उर्फ बंटू को 40 मत प्राप्त हुए। वहीं प्रत्याशी राहुल लवानिया और गौरव सोनी को एक भी मत प्राप्त नहीं हुआ। दोनों के खाते में शून्य मत रहे। इस परिणाम के बाद प्रदीप कुमार शर्मा उर्फ बंटू को उपसभापति निर्वाचित घोषित किया गया। चुनाव प्रक्रिया निर्धारित नियमों के तहत पूरी कराई गई। उपसभापति के चुनाव को लेकर नगर परिषद परिसर में दिनभर राजनीतिक गतिविधियां बनी रहीं और पार्षदों की आवाजाही रही। चुनाव प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा। मौके पर डीग सीओ सीताराम बैरवा मौजूद रहे। इसके अलावा नगर परिषद आयुक्त कुलदीप सिंह भी चुनाव प्रक्रिया के दौरान मौके पर उपस्थित रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।