डीग पुलिस ने 'ऑपरेशन सहयोग' के तहत कार्रवाई करते हुए करीब एक साल आठ महीने से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी साइबर अपराधी आरिफ को गिरफ्तार किया है। पहाड़ी थाना पुलिस ने आरोपी को गांव गढ़सौरा से पकड़ा और हरियाणा एसटीएफ की पलवल यूनिट को सौंप दिया। डीग एसपी शरण गोपीनाथ के निर्देश पर जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में दूसरे राज्यों की पुलिस टीमों के साथ मिलकर फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं। थाना सदर पुन्हाना, हरियाणा में दर्ज एक मामले में आरिफ मेव पुत्र रतिखां की तलाश थी। वह कालूवास पीपरोली, थाना सदर पुन्हाना, जिला नूंह मेवात, हरियाणा का रहने वाला है। पुलिस को जानकारी मिली थी कि वह पहाड़ी थाना क्षेत्र के गांव गढ़सौरा में छिपा हुआ है। इस जानकारी पर पहाड़ी थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरिफ को गढ़सौरा से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए हरियाणा एसटीएफ यूनिट पलवल को सौंप दिया गया।