निकाय चुनावों के लिए डीग जिले में प्रभारियों की नियुक्ति को लेकर राजस्थान कांग्रेस के भीतर गुटबाजी और नाराजगी का मामला सामने आया है। पूर्व कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता विश्वेंद्र सिंह ने डीग जिले में स्थानीय निकाय चुनावों के लिए प्रभारियों की नियुक्ति में उनकी अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने जिला नेतृत्व की कार्यप्रणाली पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर सोमवार को एक पोस्ट की है, जिसमें कांग्रेस जिलाध्यक्ष द्वारा जारी प्रभारियों की सूची में उनकी अनदेखी को षड्यंत्र बताया है। साथ ही चेतावनी भी दी है कि इसका असर आगामी चुनावों पर पड़ सकता है। हालांकि डीग कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राजीव सिंह का कहना है कि यह लिस्ट एंडॉर्समेंट(समर्थन या अनुमोदन) के हिसाब से की गई है, जिसमें पद लिखते है, नाम नहीं लिखे जाते हैं। पहले देखिए- डीग जिले में निकाय चुनाव के लिए जारी प्रभारियों की लिस्ट प्रभारियों की लिस्ट में सिर्फ 'कांग्रेस प्रत्याशी विधानसभा डीग-कुम्हेर' लिखा
दरअसल, डीग जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव सिंह की ओर से आगामी निकाय चुनावों को ध्यान में रखते हुए 22 अगस्त को प्रभारियों की सूची जारी की गई थी। इस आधिकारिक सूची की प्रतिलिपि जब आवश्यक कार्यवाही और सूचनार्थ प्रेषित की गई, तो उसमें पूर्व कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह के नाम के स्थान पर केवल 'कांग्रेस प्रत्याशी विधानसभा डीग-कुम्हेर' लिखा गया। पूर्व मंत्री ने सोशल मीडिया पर जताई नाराजगी
पूर्व कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए डीग जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव सिंह द्वारा निकाय चुनावों के लिए जारी की गई प्रभारी सूची पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सूचनार्थ प्रेषित सूची में उनका नाम न लिखकर केवल 'कांग्रेस प्रत्याशी विधानसभा डीग-कुम्हेर' दर्ज किया गया, जो जिला अध्यक्ष की ओछी मानसिकता को दर्शाता है। विश्वेंद्र सिंह ने अपने लंबे अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि वे 1 बार जिला प्रमुख, 3 बार सांसद, 3 बार विधायक और 2 बार राज्य में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। इतने प्रतिष्ठित राजनीतिक सफर के बावजूद वे इस तरह का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने चेताया कि इस प्रकार की ओछी मानसिकता और अंदरूनी षड्यंत्र का सीधा नुकसान कांग्रेस पार्टी को आगामी निकाय चुनावों में उठाना पड़ सकता है। साथ ही उन्होंने कहा कि इस षड्यंत्र में शामिल लोगों को क्षेत्र की जनता जनार्दन आने वाले समय में मुंहतोड़ जवाब देगी। जिलाध्यक्ष बोले- एंडोर्समेंट में पोस्ट लिखी जाती है, नाम नहीं लिखे जाते
हालांकि डीग कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राजीव सिंह ने बताया कि एंडॉर्समेंट के हिसाब से सूची जारी की गई है। पूर्व कैबिनेट मंत्री विश्वेन्द्र सिंह का ऑब्जेक्शन यह है कि मेरा नाम लेटर में ऊपर नहीं लिखा है और कोई दिक्कत नहीं है। हमने उनसे कह दिया कि आपकी इच्छा है तो आगे से नाम लिख देंगे। एंडोर्समेंट में पोस्ट लिखी जाती है, नाम नहीं लिखे जाते हैं। ये खबर भी पढ़िए… 5 साल बाद सुलझा भरतपुर पूर्व राजपरिवार का विवाद:विश्वेन्द्र सिंह ने बेटे संग फोटो पोस्ट कर लिखा-सुखद मुलाकात; अनिरुद्ध बोले-कॉफी पीने गया था भरतपुर के पूर्व राजपरिवार के सदस्य और पूर्व मंत्री विश्वेन्द्र सिंह ने करीब पांच साल बाद बेटे अनिरुद्ध सिंह के साथ सोशल मीडिया पर फोटो अपलोड किया है। कैप्शन लिखा- ‘आज जवाहर रिजॉर्ट में बहुत दिनों बाद मेरे बेटे युवराज अनिरुद्ध भरतपुर से सुखद मुलाकात हुई।’ पूरी खबर पढ़िए