देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में भी दिखने लगा है। पहाड़ी क्षेत्रों में पारा शून्य से नीचे चला गया है, जिसके चलते झीलें जमने लगी हैं। वहीं, मैदानी राज्यों में कोहरे के साथ-साथ रात के तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।

राजस्थान और मध्य प्रदेश में शीतलहर की चेतावनी

मौसम विभाग ने राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 9°C दर्ज किया गया, जो शिमला (9.2°C) और शिलांग (9.3°C) जैसे ठंडे स्थानों से भी कम रहा। राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर में स्थिति और भी सर्द है, जहां पारा 4.3°C तक लुढ़क गया है।

अन्य राज्यों का हाल

  • जम्मू-कश्मीर: श्रीनगर में इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई, जहां तापमान माइनस 1.6°C रहा। पहलगाम में पारा माइनस 4.6°C तक गिर गया।
  • पश्चिम बंगाल: आने वाले दिनों में पश्चिम बंगाल के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। दार्जिलिंग में मंगलवार को तापमान 7.6°C दर्ज किया गया।

दिल्ली में प्रदूषण से राहत नहीं

ठंड के साथ-साथ दिल्ली के लोगों की मुश्किलें प्रदूषण ने बढ़ा दी हैं। दिल्ली की हवा लगातार 10वें दिन 'खराब' श्रेणी में बनी हुई है। मंगलवार को शहर के 58 मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 34 पर हवा की गुणवत्ता खराब रही, जबकि 5 स्टेशनों पर स्थिति 'बहुत खराब' दर्ज की गई।

आईएमडी (IMD) के 'एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम' ने चेतावनी दी है कि अगले तीन दिनों तक दिल्ली में हवा का स्तर 'बेहद खराब' रहने की संभावना है। नागरिकों को सावधानी बरतने और स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी गई है।