कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरव दास ने सोमवार को सरकार पर UK जाने से रोके जाने का आरोप लगाया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करके कहा कि उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में लेक्चर देने जाना था, लेकिन उन्हें इमिग्रेशन काउंटर पर ही रोक दिया गया। हालांकि, आधिकारिक लिस्टिंग के मुताबिक एक दिसंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में पैनल चर्चा होनी थी। इसमें सौरव दास को शामिल होने के लिए बुलाया गया था। ऑक्सफोर्ड यूनियन स्वतंत्र रूप से चलने वाली डिबेटिंग सोसाइटी है। यह ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी का हिस्सा नहीं है। देखिए सौरव का पोस्ट किया गया वीडियो ऑक्सफोर्ड यूनियन में चर्चा होनी थी कॉकरोच मूवमेंट पर चर्चा के लिए CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके और सौरव दास के नाम लिस्ट में शामिल हैं। यह चर्चा एक दिसंबर को होने वाली है। दोपहर 2 बजे से 3 बजे के बीच ऑक्सफोर्ड यूनियन में CJP पैनल की चर्चा होनी थी। सौरव दास का आरोप- फ्लाइट में जाने ही नहीं दिया गया CJP नेता सौरव दास ने कहा कि उन्हें ‘कॉकरोच मूवमेंट’ पर बोलने के लिए आमंत्रित किया गया था। उन्होंने कहा कि दिल्ली एयरपोर्ट से उनकी रात 1 बजे की फ्लाइट थी, लेकिन उन्हें इसमें जाने नहीं दिया गया। उन्हें इमिग्रेशन काउंटर पर रोका गया। सौरव दास ने सरकार पर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उन्हें ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, LSE और एडिनबरा जैसे विश्वविद्यालयों से कॉकरोच मूवमेंट पर बात करने के निमंत्रण मिले थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें इन कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए UK जाने नहीं दिया गया। दीपके बोले- सरकार CJP की बढ़ती लोकप्रियता से घबरा गई है कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सौरव दास का समर्थन किया है। CJP ने सरकार पर शिक्षित लोगों की आवाज दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। दीपके ने ये भी कहा कि 'जब वे एयरपोर्ट पर थे, तब उन्हें इमिग्रेशन पर रोक दिया गया। उनसे कहा गया कि वे भारत से बाहर नहीं जा सकते। मुझे समझ नहीं आता कि ऐसा क्यों किया गया। अगर दास ने कोई धोखाधड़ी या घोटाला किया होता, तब भी उन्हें एयरपोर्ट पर इस तरह नहीं रोका जाता। ये सभी बहाने हैं। सरकार कॉकरोच जनता पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से घबराई हुई है। अगर सौरव दास जैसे स्मार्ट युवा और ज्यादा प्रमुख हो गए, तो अशिक्षित और देहाती लोगों जैसे नेताओं को कौन वोट देगा? ऐसे अशिक्षित और देहाती लोगों का साथ कौन देगा।' CJP की लीगल हेड रत्ना सिंह ने भी सौरव दास का समर्थन किया। उन्होंने बताया कि उन्हें और सौरव दास, दोनों को ऑक्सफोर्ड यूनियन ने आमंत्रित किया था। रत्ना सिंह ने कहा कि कुछ दिन पहले उनका वीजा रिजेक्ट कर दिया गया था। उन्होंने सौरव दास को रोके जाने को शर्मनाक बताया है।