पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर सदर ब्लॉक के हाथीहल्का इलाके में लाठी, रॉड और कुल्हाड़ी से लैस लोगों ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला किया, जिसमें शमशेर खान की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हमलावर तृणमूल कांग्रेस समर्थित थे। भाजपा नेताओं ने आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है और कहा है कि गिरफ्तारी होने तक शव को घर नहीं ले जाएंगे। मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज में बड़ी संख्या में BJP कार्यकर्ता जमा हैं और स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। आज की अन्य बड़ी खबरें… मणिपुर में दो नगा नागरिकों की हत्या, CM ने बताया कायराना हिंसा मणिपुर के सेनापति जिले में शनिवार दोपहर संदिग्ध उग्रवादियों ने दो नागा नागरिकों की गोली मारकर हत्या कर दी। दो लोग घायल हुए हैं। घटना नागा बहुल जिले के कलाजन गांव में करीब 3 बजे हुई। मृतकों की पहचान रॉकी माओ और कुमार पोउमाई के रूप में हुई है। घायलों में 33 वर्षीय अदानी मैनियो और 49 वर्षीय अशिहो सानी शामिल हैं। दोनों का सेनापति जिले के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने हत्याओं की निंदा की। उन्होंने इसे ‘कायराना हिंसा’ बताया। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए सेनापति जिला अस्पताल भेजे गए हैं। पहले अधिकारियों ने घटना कांगपोकपी जिले के कालेनजांग गांव में होने की बात कही थी। नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस के तीन कोच पर पत्थर फेंके गए; कोई घायल नहीं मुंबई CSMT जा रही दुरंतो एक्सप्रेस पर नागपुर-वर्धा लाइन पर बोरखेड़ी और सिंदी स्टेशनों के बीच पत्थर फेंके गए, हालांकि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। CR के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने बताया कि यह घटना शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे हुई। उन्होंने कहा कि एक 2AC कोच और दो 3AC कोच पर पत्थर फेंके गए, लेकिन किसी यात्री के घायल होने की कोई खबर नहीं है। अधिकारी ने बताया कि रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल ने घटना की जांच शुरू कर दी है। I.N.D.I.A. ब्लॉक की 30 सितंबर को दिल्ली में बैठक संभव, चुनाव आयोग और SIR पर चर्चा होगी; जून में हुई थी पिछली मीटिंग I.N.D.I.A. ब्लॉक की पार्टियां 30 सितंबर को दिल्ली में बैठक कर सकती हैं। न्यूज एजेंसी PTI के सूत्रों के मुताबिक, बैठक में चुनाव आयोग के कामकाज और SIR के मुद्दे पर चर्चा होगी। हालांकि, बैठक की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है। इससे पहले 8 जून को दिल्ली में I.N.D.I.A. ब्लॉक की बैठक हुई थी, जिसमें 25 दल शामिल हुए थे।हालांकि, AAP और DMK बैठक से दूर रहे थे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के मुताबिक, बैठक में तय हुआ था कि ब्लॉक की बैठक हर दो महीने में होगी और अगली बैठक अगस्त में हैदराबाद में होनी थी। I.N.D.I.A. ब्लॉक की प्रमुख बैठकें इससे पहले 2023 में पटना, बेंगलुरु, मुंबई और दिल्ली में हुई थीं।इसके बाद 19 दिसंबर 2023 को दिल्ली में बैठक हुई, जिसमें 2024 लोकसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई। इसके अलावा, 31 मार्च 2024 को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली हुई थी, जिसमें गठबंधन के कई प्रमुख नेता साथ आए थे। दिल्ली में सफाई अभियान के दौरान कबाड़ में कंकाल मिला, असली-नकली की जांच कर रही पुलिस दिल्ली में सफाई अभियान के दौरान पुलिस को कबाड़ में कंकाल जैसी चीज मिली। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह इंसानी कंकाल है या पढ़ाई-लिखाई के काम आने वाला कोई डमी (नकली मॉडल)। एक अधिकारी ने बताया कि यह कंकाल जैसी चीज शायद किसी स्कूल से मिली थी। हो सकता है कि यह स्कूल का बायोलॉजिकल वेस्ट (जैविक कचरा) हो, जिसे सैंपलिंग या पढ़ाई-लिखाई के मकसद से मंगाया गया हो। असलियत का पता लगाने के लिए कबाड़ बेचने वाले और स्कूल प्रशासन से पूछताछ और जांच की जा रही है। तेलंगाना में 10 दिन के गणेश उत्सव के दौरान 13 लोगों की मौत, 26 घायल; हैदराबाद में 51 हजार प्रतिमाओं का विसर्जन तेलंगाना के हैदराबाद में अब तक 51 हजार से ज्यादा गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन हो चुका है। वहीं, तेलंगाना DGP के मुताबिक, 10 दिन के गणेश उत्सव के दौरान राज्य की अलग-अलग घटनाओं में 13 लोगों की मौत और 26 लोग घायल हुए हैं। विसर्जन जुलूसों के कारण हैदराबाद के कई प्रमुख रास्तों पर भारी भीड़ है। टैंक बंड, NTR मार्ग, नेकलेस रोड, लिबर्टी और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक धीमा है। हैदराबाद पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनार ने लोगों से गैर-जरूरी यात्रा टालने और मुख्य सड़कों पर वाहन लेकर नहीं आने की अपील की है। मलकाजगिरी में 7 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी और अन्य सुरक्षाबल तैनात हैं। पुलिस के मुताबिक, सरूरनगर, शमीरपेट और सफीलगुडा झीलों समेत अलग-अलग जगहों पर विसर्जन कराया जा रहा है। राज्यभर में विसर्जन की प्रक्रिया शनिवार तक पूरी होने की उम्मीद है। दिल्ली में तेज रफ्तार कार ने रिक्शा-ऑटो को मारी टक्कर, एक की मौत दिल्ली में सुखदेव विहार मेट्रो स्टेशन के पास तेज रफ्तार कार ने रिक्शा और ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर आरोपी चालक की तलाश कर रही है। दिल्ली में प्लास्टिक मोल्डिंग यूनिट में लगी आग, 3 लोग घायल दिल्ली के समयपुर बादली इंडस्ट्रियल एरिया में शनिवार सुबह प्लास्टिक मोल्डिंग यूनिट में आग लग गई। हादसे में तीन लोग मामूली रूप से घायल हुए। आग की सूचना रात करीब 12:30 बजे फेज-2 से मिली, जिसके बाद दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दिल्ली फायर सर्विस ने आग बुझाने के लिए 15 फायर टेंडर तैनात किए। इनमें ब्रोंटो एरियल लैडर प्लेटफॉर्म भी शामिल था। यूनिट बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर, पहली और दूसरी मंजिल वाले भवन में चल रही थी। आग पर सुबह 3:15 बजे तक काबू पा लिया गया, जबकि कूलिंग का काम जारी रहा। घायलों की पहचान धर्मवीर (32), मोहम्मद सारुख (41) और अमित (34) के रूप में हुई है। तीनों को दमकल टीम के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने अंबेडकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद तीनों अस्पताल से चले गए। तमिलनाडु में पूर्व पंचायत अध्यक्ष की हत्या, TASMAC के पास बदमाशों ने किया हमला, जमीन विवाद का शक तमिलनाडु के रामनाथपुरम जिले में 56 साल के पूर्व पंचायत अध्यक्ष आर्थर की हत्या कर दी गई। सिकल गांव में तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन दुकान के पास अज्ञात लोगों ने उन पर धारदार हथियार से हमला किया। हत्या के पीछे पुराने जमीन विवाद को वजह बताया जा रहा है। हत्या के बाद आर्थर के रिश्तेदारों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रामेश्वरम-कन्याकुमारी ईस्ट कोस्ट रोड पर रास्ता रोकने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें रोक दिया। मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दिल्ली में MCD सफाईकर्मी का शव मिला, गले में लिपटा था तार दिल्ली के अलीपुर थाना इलाके के मुखमेलपुर में शुक्रवार सुबह खाली सरकारी प्लॉट में एमसीडी सफाईकर्मी का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान रवि कुमार (40) के रूप में हुई है। पुलिस को मौके पर उसके गले में तार लिपटा मिला। पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। डीसीपी शोभित डी. सक्सेना ने बताया कि सुबह अलीपुर थाना पुलिस को मुखमेलपुर के वाल्मीकि मोहल्ले में एक खाली सरकारी प्लॉट में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के बाद मृतक की पहचान रवि के रूप में हुई। 4 साल में 111 विधायकों, सांसदों ने बदली पार्टी; ADR रिपोर्ट में खुलासा 2022 से 2026 के बीच चुनाव जीतने के बाद 111 सांसदों और विधायकों ने पार्टी बदली। एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक इनमें 26 लोकसभा सांसद, 7 राज्यसभा सदस्य और 78 विधायक शामिल हैं। नगालैंड में सबसे ज्यादा 32 और पश्चिम बंगाल में 20 नेताओं ने पार्टी बदली। नगालैंड के सभी 32 मामले विधायकों से जुड़े हैं। इनमें 25 विधायक सत्तारूढ़ एनडीपीपी से चुने गए थे, जबकि 32 विधायक एनपीएफ में गए। बंगाल में सभी 20 मामले लोकसभा सदस्यों के हैं, जो तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर चुने गए थे और बाद में एनसीपीआई में गए।