दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का सरकारी आवास, जिसे लेकर काफी विवाद रहा था, अब आम लोगों के लिए खोल दिया गया है। शुक्रवार से दिल्ली की जनता इसे अंदर से देख सकेगी। इस आवास को लेकर पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने जानकारी दी थी कि आम लोगों के लिए विजिट टिकट की कीमत 20 रुपये तय की गई है। हालांकि, वरिष्ठ नागरिकों और कॉलेज के छात्रों के लिए प्रवेश पूरी तरह से निःशुल्क रखा गया है।
पहले होगा मीडिया टूर
आवास को आम जनता के लिए खोलने से पहले, व्यवस्था के तहत मीडिया के लिए टूर आयोजित किया जाएगा। इसके बाद ही आम नागरिकों को अंदर जाने की अनुमति दी जाएगी। पीडब्ल्यूडी मंत्री ने सोशल मीडिया पर अरविंद केजरीवाल के कार्यकाल से जुड़े कुछ वीडियो साझा करते हुए इस बंगले पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे भ्रष्टाचार का उदाहरण बताते हुए आरोप लगाया कि एक समय में सादगी का दावा करने वाले व्यक्ति ने सरकारी नियमों को दरकिनार कर आलीशान आवास बनवाया।
विवादों का 'शीशमहल'
अरविंद केजरीवाल वर्ष 2015 से 2024 तक, यानी करीब 9 साल तक इस बंगले में अपने परिवार के साथ रहे थे। भारतीय जनता पार्टी ने इसके रेनोवेशन पर हुए खर्च को लेकर इसे 'शीशमहल' का नाम दिया था और इसे बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाया था।
क्या कहती है CAG की रिपोर्ट?
दिल्ली विधानसभा में पेश की गई कैग (CAG) की रिपोर्ट के अनुसार, इस बंगले के रेनोवेशन पर कुल 33.66 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। यह राशि शुरुआती अनुमानित लागत 7.91 करोड़ रुपये से करीब 342% अधिक थी। रिपोर्ट में बताया गया कि इसमें से लगभग 18.88 करोड़ रुपये केवल महंगे इंटीरियर, सजावटी वस्तुओं और एंटीक सामान पर खर्च किए गए। रिपोर्ट में प्रोजेक्ट के दौरान नियमों की अनदेखी और फंड के गलत इस्तेमाल का भी जिक्र किया गया है।
CBI जांच अभी भी जारी
इस बंगले के रेनोवेशन में हुई कथित अनियमितताओं और अत्यधिक खर्च को लेकर वर्ष 2022 में दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना के निर्देश पर सतर्कता विभाग ने जांच शुरू की थी। वर्तमान में इस पूरे मामले की सीबीआई (CBI) जांच चल रही है, जिसकी शिकायत भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता ने की थी।