केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भवन दिल्ली में नारायण देवासी ने विमुक्त, घुमंतू अर्ध घुमंतू समुदाय कल्याण बोर्ड के सदस्य के रूप में शपथ ली। उन्हें विभाग के सेक्रेटरी और बोर्ड चेयरमैन सुधांश पंथ ने शपथ दिलवाई। उनका कार्यकाल तीन साल का रहेगा। इस मौके पर नारायण देवासी ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में यह नई जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने विमुक्त, घुमंतू, अर्ध घुमंतू (DNT) समुदाय के लिए काम करने के मौके को 'दिव्य कार्य' बताया। देवासी ने भरोसा दिलाया कि वे बोर्ड की योजनाओं को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाएंगे। उन्होंने राजस्थान सरकार की दादू दयाल योजना की तारीफ की, जिसके तहत DNT समुदाय को मुफ्त पट्टे और आवासीय भूखंड दिए गए हैं। देवासी ने कहा कि राजस्थान की तरह ही देश के सभी राज्यों में DNT समुदायों के लिए योजनाएं बनाने के लिए बोर्ड वहां की सरकारों के साथ मिलकर काम करेगा। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रोहित खत्री ने बताया कि नारायण देवासी के शपथ लेने पर सिरोही जिले के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी है।