दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। यहाँ एक कैफे में 22 साल की युवती के साथ गैंगरेप का आरोप लगा है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। वहीं, तीन अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी है।

क्या है पूरा मामला?

पीड़िता और सभी आरोपी कड़कड़डूमा इलाके के एक मॉल में स्थित इसी कैफे में काम करते हैं। सोमवार की रात प्रीत विहार स्थित कैफे बंद होने के बाद पीड़िता और उसके छह सहकर्मी वहीं पार्टी करने के लिए रुक गए थे। बताया जा रहा है कि रात करीब 11:30 बजे कैफे बंद हो गया था, लेकिन एक कर्मचारी के पास चाबी होने की वजह से उसे दोबारा खोला गया।

शराब पार्टी के बाद वारदात का आरोप

पुलिस के अनुसार, कैफे के अंदर सभी ने पार्टी की और शराब पी। पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान दो पुरुष सहकर्मियों ने उसके साथ गैंगरेप किया। पीड़िता ने यह गंभीर आरोप भी लगाया है कि घटना के समय वहां मौजूद अन्य महिला सहकर्मियों ने न केवल इस वारदात में मदद की, बल्कि उन्होंने अपराधियों का समर्थन भी किया।

सुबह करीब 3:30 बजे सभी आरोपी वहां से निकल गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें दबिश दे रही हैं।