जैन धर्म के सबसे बड़े आध्यात्मिक पर्व दसलक्षण महापर्व के नौवें दिन गुरुवार को कस्बे में धर्म, भक्ति और आध्यात्मिकता का वातावरण छाया रहा। श्रद्धालुओं ने उत्तम आकिंचन धर्म की आराधना कर त्याग, वैराग्य और आत्मकल्याण का संदेश ग्रहण किया। सुबह से ही विभिन्न जैन मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठानों, अभिषेक और पूजा-अर्चना का क्रम चलता रहा। कस्बे के श्री चंद्रप्रभु अग्रवाल दिगंबर जैन मंदिर, श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन 20 पंथी मंदिर तथा श्री ज्ञानमती दीक्षा तीर्थ भगवान पार्श्वनाथ जैन मंदिर में श्रद्धालुओं ने भगवान का पंचामृत अभिषेक एवं शांतिधारा कर धर्म लाभ प्राप्त किया। मंदिरों में श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ रही और पूरे दिन भक्ति भाव से धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।