जोधपुर के झंवर थाना झेत्र में बस और स्विफ्ट कार की टक्कर में कार ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोग और पुलिस की मदद से घायल को मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर इतनी खतरनाक थी की स्विफ्ट कार का पूरी तरह चकनाचूर हो गई जबकि बस का आगे का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सूचारू करवाया। हादसा आज शाम करीब 4 बजे धवा गांव के पास हुआ। बालोतरा रोड पर चलने वाली एक बस और कार की धवा गांव के पास गेलावास के निकट गोलाई में टक्कर हो गई। इस दौरान कार के एयरबैग खुलने से कार ड्राइवर बाल-बाल बचा और उसे घायल अवस्था में हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। झंवर थाना पुलिस मामले में घायल की पहचान जुटाने में जुटी है। ओवरटेक के प्रयास में हुआ हादसा झंवर थाने के SI पिंटू कुमार ने बताया कि बस जोधपुर से बालोतरा की तरफ आ रही थी। जबकि स्विफ्ट कार जोधपुर की तरफ जा रही थी। धवा के पास ओवरटेक करने के प्रयास में स्विफ्ट बस से टकरा गई। हादसे में कार चालक के पांव में चोट आई है जिसे इलाज के लिए हॉस्पिटल भिजवाया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।