धौलपुर के सैंपऊ रोड पर एक ऑटो रिक्शा एजेंसी पर शनिवार को हंगामा हो गया। ऑटो की सर्विस को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। जानकारी के अनुसार, कुछ लोग अपने ऑटो की सर्विस कराने एजेंसी पहुंचे थे। यहां सर्विस को लेकर एजेंसी कर्मचारियों और ग्राहकों के बीच बहस शुरू हुई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए और मारपीट करने लगे। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली और निहालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभाला और दोनों पक्षों से करीब पांच लोगों को पूछताछ के लिए थाने ले गई। एजेंसी पर मौजूद एक महिला कर्मचारी ने ऑटो सर्विस कराने आए लोगों पर बदतमीजी करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर विवाद की असली वजह पता लगा रही है।