धौलपुर के पुराना शहर में स्थित बड़ा पीर पर गुरुवार रात उर्स मेले का आयोजन हुआ। उर्स कमेटी ने यह मेला लगाया था। इस दौरान रात में कव्वाली कार्यक्रम भी हुआ, जिसमें दूर-दराज से आए मशहूर कव्वालों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं का मन मोह लिया। देर रात तक चली इस महफिल में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में जिला पुलिस उप अधीक्षक प्रदीप नेहरा मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। टाउन चौकी प्रभारी लोकेंद्र सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे। उर्स कमेटी के सदस्यों ने अतिथियों का माला पहनाकर और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। मुख्य अतिथि प्रदीप नेहरा ने उर्स कमेटी के सदस्यों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन इलाके में आपसी भाईचारे, शांति और मेलजोल बढ़ाने में मदद करते हैं। उन्होंने आयोजकों से कहा कि वे इसी तरह शांतिपूर्ण माहौल में कार्यक्रम करते रहें। इस कार्यक्रम में थाना कोतवाली के सीएलजी सदस्य भी मौजूद रहे। उर्स मेले और कव्वाली कार्यक्रम को लेकर पुराना शहर इलाके के लोगों में काफी उत्साह देखा गया।