धौलपुर के तीर्थराज मचकुंड में एक रात में हजारों मछलियां मर गईं। इस घटना से मचकुंड की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठ गए हैं। स्थानीय लोगों को आशंका है कि पानी में फिटकरी के साथ कोई खतरनाक केमिकल डाला गया है। कुछ दिन पहले नए सभापति गिरीश गर्ग मचकुंड घूमने गए थे। उन्होंने सफाई को लेकर निर्देश दिए। इसके बाद दो दिन पहले नगर परिषद ने मचकुंड की सफाई कराई और पानी साफ करने के लिए फिटकरी डाली। जानकारी के मुताबिक फिटकरी डालने के बाद रातों-रात बड़ी संख्या में मछलियां मर गईं। सुबह हजारों मरी हुई मछलियां पानी में तैरती मिलीं। इस पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में गुस्सा है। नगर परिषद आयुक्त विष्णु परमार ने बताया कि मचकुंड की सफाई के लिए फिटकरी डाली गई थी। इतनी मछलियों का मरना हैरान करने वाला है। उन्होंने कहा कि मृत मछलियों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिससे मौत की सही वजह पता चलेगी।