धौलपुर के दिहौली थाने में पुलिस कस्टडी से एनडीपीएस एक्ट का आरोपी खिड़की तोड़कर फरार हो गया। आरोपी श्रीनिवासन टी 261 किलो 110 ग्राम गांजा तस्करी के मामले में पुलिस रिमांड पर था। घटना रात 3 बजे से सुबह 6 बजे के बीच की बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में कांस्टेबल विष्णु और जोगेश को निलंबित कर दिया है। पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश में जिलेभर में नाकाबंदी कराई है और उसकी तस्वीरें प्रसारित करने के साथ आंध्र प्रदेश पुलिस से भी संपर्क किया है। NH-44 पर कार से पकड़ा था 261 किलो गांजा जानकारी के अनुसार, 16 और 17 अक्टूबर 2026 को मनियां थाना पुलिस और यातायात पुलिस ने एनएच-44 पर बगचौली खार मोड़ के पास एक कार की तलाशी ली थी। पुलिस ने कार से 11 प्लास्टिक के कट्टों में भरा 261 किलो 110 ग्राम गांजा बरामद किया था। इसकी बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपए बताई गई। पुलिस ने कार नंबर AP31-CB-1177 को जब्त कर आंध्र प्रदेश निवासी श्रीनिवासन टी (45) और गेडम अमर चैतन्य (45) को गिरफ्तार किया था। दौसा ले जा रहे थे गांजे की खेप पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया था कि वे गांजे की खेप आंध्र प्रदेश के बल्लीगौड़ा से दौसा ले जा रहे थे। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। इसकी जांच दिहौली थाना प्रभारी शैतान सिंह को सौंपी गई थी। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से एक आरोपी को जेल भेज दिया गया, जबकि श्रीनिवासन टी को पुलिस रिमांड पर रखा गया था। खिड़की तोड़कर थाने से भागा आरोपी पुलिस के अनुसार, श्रीनिवासन टी शनिवार रात करीब 3 बजे से सुबह 6 बजे के बीच थाने की खिड़की तोड़कर फरार हो गया। घटना के समय कांस्टेबल विष्णु और जोगेश की ड्यूटी थी। आरोपी के फरार होने की जानकारी मिलते ही पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और जिलेभर में नाकाबंदी कराई। लापरवाही पर दो कांस्टेबल निलंबित पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में कांस्टेबल विष्णु और जोगेश को निलंबित कर दिया। साथ ही फरार आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। पुलिस आरोपी की तलाश के साथ थाने से फरार होने की घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। गांजा तस्करी के मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश भी जारी है।