धौलपुर में नगर निकाय आम चुनाव-2026 के दूसरे चरण का मतदान शांतिपूर्ण और बिना डर के कराने के लिए पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। 11 सितंबर को बाड़ी, बसेड़ी और सरमथुरा नगरपालिकाओं के कुल 95 वार्डों के 101 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर करीब 800 पुलिस अधिकारी और जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। इनमें धौलपुर पुलिस के साथ आरएसी और होमगार्ड के जवान भी शामिल होंगे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा और एडीएफ बाड़ी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रवण कुमार झोरड़ की देखरेख में कुल 791 पुलिस अधिकारी-जवान चुनाव ड्यूटी में लगाए गए हैं। हर मतदान केंद्र पर दो पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। ये मतदान दल के साथ तालमेल बनाकर केंद्र और मतदान सामग्री की सुरक्षा के साथ कानून-व्यवस्था संभालेंगे। पहचाने गए 31 संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान भवनों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। यहां 1-4 का अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा, जिसमें दो पुलिसकर्मी हथियारबंद होंगे। इन केंद्रों पर पुलिस की विशेष निगरानी और लगातार गश्त भी रहेगी। चुनाव की निगरानी के लिए 3 सीनियर सुपरवाइजरी अधिकारी और 11 पुलिस सुपरवाइजरी अधिकारी तैनात किए गए हैं। वहीं, तीनों नगर निकाय क्षेत्रों में 15 मोबाइल पार्टियां लगातार गश्त करेंगी। हर मोबाइल पार्टी में 1-4 का पुलिस बल रहेगा। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था की स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चारों क्षेत्रों में रिजर्व पुलिस बल मौजूद रहेगा। जिला मुख्यालय पर भी पर्याप्त पुलिस बल रिजर्व में रखा गया है। पुलिस टीमों ने गुरुवार शाम तीनों नगर निकाय क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला और मतदाताओं को बिना डर के मतदान करने का संदेश दिया। पुलिस ने मतदाताओं से बिना डर, दबाव या लालच के मतदान करने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम के 9530411842 और 9530411843 नंबर पर देने को कहा गया है।