धौलपुर की निहालगंज थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास और फायरिंग के करीब तीन साल पुराने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पवन, देशराज, बनवारी, नाहरसिंह और शिवराम उर्फ किच्चो शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी लंबे समय से फरार थे और इनकी गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। आरोपियों पर मकान के कब्जे को लेकर हुए विवाद में फायरिंग, मारपीट और पथराव करने का आरोप है। पुलिस ने विशेष टीम बनाकर शुरू की तलाश पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर वृत्ताधिकारी शहर प्रदीप कुमार के सुपरविजन में निहालगंज थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने फरार चल रहे आरोपियों की तलाश शुरू की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस के मुताबिक, 20 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर पवन, देशराज, बनवारी और नाहरसिंह को गिरफ्तार किया गया। वहीं शिवराम उर्फ किच्चो को 21 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया। पूछताछ के बाद उसे भी मामले में गिरफ्तार कर लिया गया। 12 साल से कोर्ट में चल रहा था मकान का विवाद मामला रामनगर कॉलोनी, घंटाघर के पास स्थित एक विवादित मकान से जुड़ा है। शिकायतकर्ता के अनुसार, मकान को लेकर करीब 12 साल से कोर्ट में मामला चल रहा है। आरोप है कि 28 दिसंबर 2023 को कुछ लोगों ने मकान का ताला तोड़ने की कोशिश की थी। सूचना मिलने पर पुलिस का गश्ती दल मौके पर पहुंचा तो आरोपियों के वहां से भागने की बात सामने आई। इसके बाद उसी दिन दोपहर करीब 2 बजे आरोपियों ने कथित तौर पर हथियारों से फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां दीवार और गेट पर लगीं, पथराव से वाहन क्षतिग्रस्त पुलिस के अनुसार, फायरिंग के दौरान शिकायतकर्ता और उसके परिवार के लोग बाल-बाल बच गए। गोलियां मकान की दीवार और गेट पर लगीं, जिनके निशान अभी भी मौजूद हैं। आरोपियों पर पथराव करने का भी आरोप है। पथराव में एक कार और मोटरसाइकिल को नुकसान पहुंचा था। इस मामले में मुकदमा नंबर 508/2023 के तहत आईपीसी की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस के अनुसार, मामले में कुछ आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि पवन, देशराज, बनवारी, नाहरसिंह और शिवराम उर्फ किच्चो फरार चल रहे थे। पहले 5-5 हजार का इनाम, अब गिरफ्तारी पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक की ओर से पहले 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। बाद में इनकी गिरफ्तारी पर इनाम की राशि बढ़ाकर 25-25 हजार रुपए कर दी गई। अब पांचों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में उनसे पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है। कार्रवाई करने वाली टीम कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में निहालगंज थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार शर्मा, एएसआई योगेंद्र कुमार, एएसआई भीमसेन तथा कांस्टेबल धर्मेंद्र, सौरभ और रविंद्र कुमार शामिल रहे।