धौलपुर में पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान की अध्यक्षता में जिला परिषद सभागार में पुलिस अधिकारियों की अपराध गोष्ठी हुई। इस बैठक में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और लंबित मामलों को जल्द निपटाने के निर्देश दिए गए। बैठक में एएसपी वैभव शर्मा, एएसपी एडीएफ बाड़ी श्रवण कुमार झोरड़, सभी वृत्ताधिकारी, थानाधिकारी और अपराध सहायक राम अवतार बैरवा समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद थे। एसपी ने अपराध और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने आबकारी, एनडीपीएस और जुआ अधिनियम से जुड़े मामलों में हुई कार्रवाई की जानकारी ली। एसपी ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। लंबित मामलों की समीक्षा की बैठक में 3 महीने से ज्यादा समय से लंबित मामलों की समीक्षा की गई। फरार और वांछित आरोपियों को गिरफ्तार करने और लंबित वारंटों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने नेटकिड, ई-बीट, सीसीटीएनएस और संपर्क पोर्टल का सही तरीके से इस्तेमाल करने पर भी जोर दिया। एसपी ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और कानूनी नियमों का पूरी तरह पालन किया जाए। अपराध गोष्ठी में सेवानिवृत्त एएसपी राम गोपाल शर्मा ने बीमा धोखाधड़ी की पहचान, रोकथाम और पुलिस जांच पर एक पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन दिया। सेवानिवृत्त पुलिस निरीक्षक संग्राम सिंह भी वहां मौजूद थे। ये दोनों रिटायरमेंट के बाद इंश्योरेंस फ्रॉड मामलों में सलाहकार के तौर पर काम कर रहे हैं।