डीडवाना के बकवास गांव की ढाणियों में 11 हजार केवी बिजली लाइन का तार टूटने से एक गाय की मौत हो गई। इस हादसे में ढाणी के दो लोगों को भी करंट का झटका लगा। यह घटना शंकर लाल मेघवाल की ढाणी के पास हुई, जहां बिजली का तार टूटकर खेत में गिर गया था। तार में करंट आने से खेत में बंधी गाय की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली लाइन का तार टूटने की सूचना तुरंत बिजली विभाग को दे दी गई थी। इसके बावजूद, अभी तक बिजली विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची और लाइन को बंद नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि खेतों और ढाणियों के आसपास टूटा हुआ तार पड़ा होने से लोगों और पशुओं के लिए खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने हादसे की सूचना गांव के पटवारी को भी दी है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मांग की है कि वे तुरंत मौके पर पहुंचकर टूटी हुई बिजली लाइन को ठीक कराएं और प्रभावित परिवार को मुआवजा दें। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते बिजली सप्लाई बंद नहीं की गई, तो कोई और बड़ा हादसा हो सकता है।