पंचायती राज चुनाव-2026 को लेकर डीडवाना-कुचामन जिले में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। जिला परिषद और पांच पंचायत समितियों में सदस्य पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई है। जिला परिषद के 35 निर्वाचन क्षेत्रों में चार दिनों में 202 नामांकन फॉर्म जमा हुए, जिनके जरिए 186 उम्मीदवारों ने दावेदारी पेश की। वहीं, पांच पंचायत समितियों में 455 नामांकन फॉर्म दाखिल हुए, जिनमें 425 उम्मीदवार शामिल हैं। इस तरह दोनों स्तरों पर कुल 657 नामांकन फॉर्म जमा हुए और 611 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ने के लिए दावेदारी जताई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, शनिवार 24 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। अंतिम दिन उमड़ी उम्मीदवारों की भीड़ जिला परिषद सदस्य पदों के लिए नामांकन के अंतिम दिन 23 अक्टूबर को सबसे ज्यादा गहमागहमी रही। इस दिन 131 नामांकन फॉर्म जमा हुए, जिनके जरिए 118 उम्मीदवारों ने दावेदारी पेश की। जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीना के अनुसार, 19 अक्टूबर को 2 फॉर्म के जरिए 2 उम्मीदवारों ने, 21 अक्टूबर को 13 फॉर्म के जरिए 12 उम्मीदवारों ने और 22 अक्टूबर को 56 फॉर्म के जरिए 54 उम्मीदवारों ने नामांकन किया था। अंतिम दिन बड़ी संख्या में नामांकन जमा होने के साथ ही जिला परिषद के 35 निर्वाचन क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। पांच पंचायत समितियों में 455 नामांकन, नावा सबसे आगे जिले की पांच पंचायत समितियों में सदस्य पदों के लिए अंतिम दिन 241 नामांकन फॉर्म जमा हुए, जिनके जरिए 218 उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी जताई। जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीना ने बताया कि चार दिनों में कुल 455 नामांकन फॉर्म प्राप्त हुए और 425 उम्मीदवारों ने नामांकन किया। पंचायत समिति क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार, नावा में सबसे ज्यादा 132 नामांकन फॉर्म जमा हुए। यहां 21 निर्वाचन क्षेत्रों में 120 उम्मीदवारों ने दावेदारी पेश की। वहीं, परबतसर के 17 निर्वाचन क्षेत्रों में सबसे कम 65 नामांकन फॉर्म जमा हुए और इतने ही उम्मीदवारों ने पर्चे भरे। मकराना में 115, इटावा-बामनिया में 75 फॉर्म पंचायत समिति स्तर पर नामांकन की स्थिति इस प्रकार रही— नावा: 132 फॉर्म, 120 उम्मीदवार मकराना: 115 फॉर्म, 101 उम्मीदवार इटावा-बामनिया: 75 फॉर्म, 73 उम्मीदवार पीलवा: 68 फॉर्म, 66 उम्मीदवार परबतसर: 65 फॉर्म, 65 उम्मीदवार इन आंकड़ों के अनुसार, नावा में सबसे ज्यादा नामांकन हुए, जबकि परबतसर में सबसे कम फॉर्म जमा हुए। आज होगी नामांकन पत्रों की संवीक्षा निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, 24 अक्टूबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए प्राप्त सभी नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। इस दौरान निर्वाचन अधिकारी नामांकन पत्रों की जांच करेंगे और चुनाव प्रक्रिया के अगले चरण की कार्रवाई पूरी की जाएगी। संवीक्षा के बाद चुनावी मुकाबले की तस्वीर और स्पष्ट होगी।