डीडवाना के दौलतपुरा गांव के पास मेगा हाईवे पर दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि एक कार में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते पूरी कार जलकर राख हो गई। इस हादसे में दोनों कारों में सवार चार लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद एक कार में सवार दो लोग घायल हुए। गनीमत रही कि कार के एयरबैग खुल गए, जिससे उनकी जान बच गई। वहीं, दूसरी कार में टक्कर के बाद आग लग गई। आग लगने से इस कार के अगले दरवाजे लॉक हो गए और इसमें सवार दो लोग अंदर फंस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने जल्दी से कार के पिछले दरवाजे को तोड़कर दोनों सवारों को बाहर निकाला। इसके कुछ ही देर बाद आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही एंबुलेंस और दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी कोशिश के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया। डीडवाना थाना अधिकारी मोहन सिंह भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। हादसे के कारण मेगा हाईवे पर दोनों टूटी हुई कारें खड़ी रहने से लंबा जाम लग गया। बाद में क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाया गया, जिसके बाद यातायात ठीक हो सका। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।