डीडवाना-कुचामन जिले के कई नगर निकायों में मंगलवार को हुए उपाध्यक्ष एवं उपसभापति चुनाव के परिणाम सामने आ गए। डीडवाना नगर परिषद में भाजपा प्रत्याशी हरीश मोदी ने उपसभापति पद पर जीत दर्ज की। लाडनूं में कांग्रेस के गौरव खंडेलवाल उपसभापति बने। छोटी खाटू नगर पालिका में कांग्रेस की बबीता उपाध्यक्ष चुनी गईं। वहीं, बोरावड़ नगर पालिका में कांग्रेस के समर्थन से निर्दलीय प्रत्याशी हिम्मत सिंह राजपुरोहित उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। डीडवाना-कुचामन जिले की परबतसर नगर पालिका में भाजपा के लोकेश मालाकार एक वोट से उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। डीडवाना नगर परिषद में भाजपा की जीत डीडवाना नगर परिषद में उपसभापति पद के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी हरीश मोदी ने कांग्रेस प्रत्याशी मूलचंद भाटी को 23-16 के अंतर से हराया। हरीश मोदी को 23 वोट मिले, जबकि मूलचंद भाटी के पक्ष में 16 पार्षदों ने मतदान किया। वहीं, एक पार्षद ने नोटा का विकल्प चुना। इस तरह हरीश मोदी नगर परिषद के नए उपसभापति निर्वाचित हुए। छोटी खाटू में कांग्रेस की बबीता उपाध्यक्ष छोटी खाटू नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस ने कब्जा जमाया। कांग्रेस प्रत्याशी बबीता को कुल 13 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी राम किशोर टाक के पक्ष में 7 वोट पड़े। 6 वोटों के अंतर से जीत दर्ज कर बबीता नगर पालिका की उपाध्यक्ष चुनी गईं। बोरावड़ में निर्दलीय हिम्मत सिंह की जीत बोरावड़ नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद का चुनाव भी रोचक रहा। कांग्रेस के समर्थन से निर्दलीय प्रत्याशी हिम्मत सिंह राजपुरोहित ने जीत दर्ज की। हिम्मत सिंह को 13 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी ओमप्रकाश को 12 वोट प्राप्त हुए। एक वोट के अंतर से जीत हासिल करते हुए हिम्मत सिंह नगर पालिका के उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। लाडनूं में कांग्रेस के गौरव खंडेलवाल बने उपसभापति लाडनूं नगर पालिका के उपसभापति चुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। कांग्रेस प्रत्याशी गौरव खंडेलवाल उपसभापति निर्वाचित हुए।गौरव खंडेलवाल को कुल 25 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी समीम बानो के पक्ष में 20 वोट पड़े। इस तरह कांग्रेस प्रत्याशी ने 5 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।