डीडवाना में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विक्टिम कंपनसेशन स्कीम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बैठक आयोजित की गई। जिला एवं सेशन न्यायाधीश नाहर सिंह मीणा की अध्यक्षता में हुई बैठक में योजना के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई और पात्र पीड़ितों को शीघ्र प्रतिकर राशि उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए। पात्र पीड़ितों को समय पर मिले लाभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विकास एचरा ने पीड़ित प्रतिकर योजना के लंबित प्रकरण बैठक में प्रस्तुत किए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पात्र पीड़ितों को समयबद्ध तरीके से विधिक सहायता और प्रतिकर का लाभ उपलब्ध करवाया जाए। साथ ही, पात्र मामलों में आवश्यक कार्रवाई जल्द पूरी करने पर जोर दिया गया। अनावश्यक देरी नहीं करने के निर्देश जिला एवं सेशन न्यायाधीश नाहर सिंह मीणा ने कहा कि विक्टिम कंपनसेशन स्कीम का लाभ प्रत्येक पात्र पीड़ित तक वास्तविक रूप से पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मामलों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब नहीं करने तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। पीड़ितों के अधिकारों पर चर्चा सचिव विकास एचरा ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक समन्वय और कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी। बैठक में पीड़ितों के अधिकारों तथा उन्हें उपलब्ध विधिक सहायता को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। ये अधिकारी रहे मौजूद बैठक में स्कीम के पदेन सदस्य पुलिस अधीक्षक डीडवाना, अपर जिला कलेक्टर डीडवाना, न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय डीडवाना, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट डीडवाना और अपर लोक अभियोजक डीडवाना सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।