राज्य सरकार की मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है। विद्यार्थी 8 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं। दस्तावेजों में विसंगति, तकनीकी कारणों से ई-मित्र केंद्रों पर पंजीकरण की रफ्तार धीमी है। अभ्यर्थी विभागीय कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं। विभाग के अनुसार आवेदन प्रक्रिया में अभ्यर्थियों को आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, शैक्षणिक दस्तावेज जैसे सभी जरूरी कागजात पहले जनाधार कार्ड में अपडेट कराने होंगे। विभाग को एक ही जगह से सही मूल दस्तावेज मिलेंगे। फॉर्म सबमिट करते समय पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा। विद्यार्थी ओटीपी दर्ज करेगा। तभी आवेदन का सत्यापन, सबमिशन पूरा माना जाएगा। ब्यावर में 2 कोचिंग सेंटर चयनित ब्यावर के विद्यार्थियों को योजना में मोशन क्लासेस, अरिहंत एकेडमी में प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग मिलेगी। गत वर्ष 2025-2026 में ब्यावर के 388 विद्यार्थियों ने योजना का लाभ लिया था। जनाधार, आय या जाति प्रमाण पत्र, शैक्षणिक प्रमाणपत्रों में नाम, जन्मतिथि या अन्य विवरण का मिलान नहीं होने से कई फॉर्म अटक रहे हैं। ई-मित्र संचालकों का कहना है कि छोटी विसंगति पर भी पोर्टल आवेदन स्वीकार नहीं कर रहा। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों ने दस्तावेज संशोधन की प्रक्रिया सरल करने, विभाग स्तर पर समर्पित हेल्पडेस्क बनाने की मांग की है, ताकि समय रहते पात्र विद्यार्थी योजना का लाभ ले सकें।