स्कूली खेलों और क्रिकेट संघ के आयोजनों में बड़ा खेल खेला जा रहा है। उदयपुर की 5 खिलाड़ी एक ही समय में दो दूरस्थ जिलों में खेलती बताई जा रही हैं। राजस्थान क्रिकेट संघ की वूमेंस अंडर-19 टी-20 चैलेंजर ट्रॉफी जयपुर के टेलर क्रिकेट ग्राउंड में 27 सितंबर से 3 अक्टूबर तक जारी है। इसी दौरान 68वीं राज्य स्तरीय स्कूली खेल के तहत अंडर-19 के मुकाबले भीलवाड़ा और अंडर-17 के मुकाबले सुजानगढ़ (चूरू) में 28 सितंबर से 4 अक्टूबर तक हो रहे हैं। उदयपुर की 5 छात्राएं चैलेंजर ट्रॉफी के मैचों में खेल रही हैं और कागजों पर उनकी उपस्थिति भीलवाड़ा/चूरू में दर्ज है। सवाल ये है कि क्या इन खिलाड़ियों ने शिविर प्रबंधक या डीईओ (शारीरिक शिक्षा) से लिखित अनुमति ली? यदि खेल या यात्रा में किसी के साथ अनहोनी या दुर्घटना हुई तो अधिकारियों में से इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? शिविर बलीचा-सीपीएस में, लड़कियां जयपुर में खेल रहीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार 25 से 27 सितंबर तक अनिवार्य प्रशिक्षण शिविर लगाए गए थे। अंडर-17 शिविर शहर के सेंट एंथोनी स्कूल-बलीचा, जबकि अंडर-19 शिविर सीपीएस, भूपालपुरा में हुआ। कागजों में इन शिविरों में खिलाड़ियों की अनिवार्य उपस्थिति प्रमाणित की गई है, लेकिन हकीकत यह है कि 26 सितंबर को ये ही खिलाड़ी जयपुर में आरसीए की अंडर-19 टीम के ट्रायल में उपस्थित थीं। ये खिलाड़ी दोनों जगह दर्ज प्रियांशी चौधरी : आरसीए टीम-डी (जयपुर में 28 सितंबर को 71 गेंदों में 80 रन बनाए) और भीलवाड़ा में अंडर-19 स्कूली टीम की सदस्य। दृष्टि खोड़ा: आरसीए टीम-सी और अंडर-19 स्कूली टीम उदयपुर। अंशिका भंडारी : आरसीए टीम-के व सुजानगढ़ में अंडर-17 स्कूली टीम उदयपुर (हाल ही सीबीएसई जोनल भी खेलीं)। नताशा मीणा: आरसीए टीम-डी और अंडर-17 स्कूली टीम उदयपुर। एंजेल डांगी: आरसीए टीम-जे और अंडर-17 स्कूली टीम उदयपुर।