डूंगरपुर जिले के वरदा थाना क्षेत्र में 2 कारों में आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में एक बच्चे समेत 7 लोग घायल हो गए। यह घटना हीराता और आतरी के बीच हुई। घायलों में अंबाजी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालु शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल बच्चे और कार ड्राइवर को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार बुचिया बड़ा, सुरजगांव, नान्दोद और सागवाड़ा क्षेत्र के निवासी अंबाजी मंदिर से दर्शन कर अपनी कार से घर लौट रहे थे। हीराता और आतरी के बीच उनकी कार सामने से आ रही एक अन्य कार से टकरा गई। इस दुर्घटना में अर्टिका कार में सवार 7 लोग घायल हो गए, जिनमें एक 6 साल का बालक भी शामिल है। हादसे की सूचना मिलते ही वरदा और सागवाड़ा की 108 एम्बुलेंस टीम मौके पर पहुंची। पायलट विक्रम सिंह, जगपाल सिंह और ईएमटी राजेश व दिलीप रोत ने सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद 6 साल के बच्चे हेनिक और कार ड्राइवर ऋषि की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।