डूंगरपुर जिले के वरदा थाना क्षेत्र में पाड़ला गोकलिया गांव के पास एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में चार बच्चों सहित सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को डूंगरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। डेचा गांव निवासी गोविंद डेंडोर अपनी पत्नी हुकी और चार बच्चों आयुषी (7), हिमांशी (6), आर्यन (डेढ़ वर्ष) और मेनका (8) के साथ ऑटो से डेचा से काहेला गांव जा रहे थे। उनके साथ डोजा निवासी राहुल रोत भी ऑटो में सवार थे। पाड़ला गोकलिया गांव के पास अचानक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे की सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस के पायलट और ईएमटी ताराचंद भोई मौके पर पहुंचे। उन्होंने सभी घायल सात लोगों को एंबुलेंस की मदद से डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया।