डूंगरपुर के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के बोखला गांव में गुरुवार शाम बाइक सवार 2 भाइयों पर 4 बदमाशों ने हमला कर दिया। मारपीट के दौरान एक बदमाश ने धारदार हथियार से दोनों भाइयों पर वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को डूंगरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। सेरावाड़ा निवासी कमलेश वरहात और राजवीर वरहात (दोनों बाबूलाल वरहात के बेटे) बाइक से बोखला गांव में अपनी बहन के घर जा रहे थे। पंचायत समिति गेट के पास पहुंचते ही चार बदमाश अचानक उनकी बाइक के सामने आ गए और दोनों भाइयों के साथ मारपीट शुरू कर दी। भाई को बचाने आए दूसरे के सीने व पैर पर किए वार इसी दौरान एक बदमाश ने धारदार हथियार से कमलेश की कमर पर हमला कर दिया। अपने भाई को बचाने आए राजवीर पर भी बदमाश ने सीने और पैर पर वार किया, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद चारों बदमाश मौके से भाग गए। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस के पायलट लोकेश और ईएमटी जितेंद्र मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों घायलों को बिछीवाड़ा अस्पताल पहुंचाया। वहां शुरुआती इलाज के बाद उन्हें डूंगरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश जारी है।