डूंगरपुर के श्री भोगीलाल पांड्या (एसबीपी) शासकीय कॉलेज के मुख्य द्वार पर सोमवार को भील प्रदेश विद्यार्थी मोर्चा (बीपीवीएम) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। निवर्तमान छात्रसंघ अध्यक्ष तुषार परमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्रों ने गोविंद गुरु जनजाति विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बीएससी छठे सेमेस्टर की मार्कशीट की प्रतियां जलाईं। प्रदर्शन के बाद प्रिं​सिपल के माध्यम से परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन सौंपा गया। निवर्तमान छात्रसंघ अध्यक्ष तुषार परमार ने बताया कि हाल ही में गोविंद गुरु जनजाति विश्वविद्यालय द्वारा जारी बीएससी छठे सेमेस्टर के परिणामों में गंभीर गड़बड़ी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि 'डिस्क्रीट मैथमेटिक्स' के 80 अंकों के पेपर में अधिकांश छात्रों को केवल 10, 12 या 16 अंक दिए गए हैं। परमार ने आगे बताया कि इन्हीं छात्रों ने 20 अंकों के इंटरनल टेस्ट में 16 से 17 अंक हासिल किए थे। परीक्षा परिणाम में छात्रों को प्रमोट या फेल दर्शाए जाने से उनका भविष्य अनिश्चित हो गया है। कई ऐसे विद्यार्थी हैं जिनका बी.एड. में चयन हो चुका है और वे 27,000 रुपये की फीस भी जमा करवा चुके हैं, लेकिन अब उनके प्रवेश निरस्त होने की स्थिति बन गई है। संगठन ने मांग की है कि विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए दो दिनों के भीतर परिणाम में संशोधन कर पुनर्मूल्यांकन का संशोधित रिजल्ट जारी किया जाए। बीपीवीएम ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिन में समस्या का समाधान नहीं होता है, तो विश्वविद्यालय का घेराव किया जाएगा।