डूंगरपुर साइबर थाना पुलिस ने फर्जी एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर लाखों की ऑनलाइन ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई "ऑपरेशन म्यूल हंटर" अभियान के तहत की गई। आरोपी के बैंक खाते से 20 लाख 65 हजार 875 रुपए के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ है। साइबर थाना सीआई मुकेश कुमार ने बताया कि साइबर पुलिस पोर्टल पर बैंक ऑफ बड़ौदा के एक खाते को लेकर शिकायतें मिली थीं। पीड़ितों ने बताया कि 'पंकज पाटीदार' नाम के व्यक्ति ने एस्कॉर्ट सर्विस के बहाने लड़कियां देने का झांसा देकर उनसे पैसे ठगे। पुलिस टीम ने बैंक स्टेटमेंट और KYC दस्तावेजों की जांच की। इससे आरोपी पंकज पाटीदार (26), निवासी जसपुर झापका, थाना दोवड़ा की पहचान हुई। पूछताछ में पंकज ने बताया कि वह ठगी के पैसे अपनी मृत दादी के खाते में जमा करता था। बाद में इन पैसों को निकालकर मौज-शौक पर खर्च करता था। पुलिस ने उसके पास से एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन और 13 हजार 500 रुपए नकद बरामद किए हैं।