डूंगरपुर में दाऊदी बोहरा समाज ने सोमवार को ईद मिलादुन्नबी का पर्व मनाया। इस अवसर पर पैगंबर मुहम्मद साहब के जन्मदिवस पर शहर में एक भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस में शामिल होने के लिए बोहरा समाज के पुरुष और बच्चे शास्त्री कॉलोनी स्थित बद्री मस्जिद पर एकत्रित हुए। वे कौमी लिबास में सजे थे और कौमी झंडे लिए हुए थे। कौमी बैंड की धुन पर कदम मिलाते हुए धर्मावलंबी मस्जिद से रवाना हुए। बोहरा समाज के आमिल साहब की सदारत में यह जुलूस तहसील चौराहा, गेपसागर के पाल, महारावल स्कूल रोड और पुराना अस्पताल के सामने से होते हुए सैफी मस्जिद पहुंचा। सैफी मस्जिद में आमिल साहब की सदारत में खुशी की मजलिस का आयोजन किया गया। इस दौरान बोहरा समुदाय के लोगों ने देश में अमन-चैन और खुशहाली की कामना की। उन्होंने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी।