डूंगरपुर के दोवड़ा थाना क्षेत्र के घटाऊ गांव में एक युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला है। युवक अपने ससुराल आया हुआ था। शव सरकारी स्कूल के पीछे एक मकान के पास पड़ा मिला। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। दोवड़ा थाने के एसआई अमृतलाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि घटाऊ गांव में स्कूल के पीछे एक मकान के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के परिवार को सूचना दी और उन्हें मौके पर बुलाया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बनकोड़ा निवासी कचरा (30) के रूप में हुई है। कचरा अहमदाबाद में मजदूरी करता था। वह दो दिन पहले ही ससुराल में किसी की मौत होने पर घटाऊ गांव आया था। पुलिस ने शव को मॉर्च्युरी में रखवा दिया है और आगे की जांच कर रही है।