डूंगरपुर के धंबोला थाना क्षेत्र के बांसिया स्थित गोविंद गुरु राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में चोरी करने घुसे दो बदमाशों ने वारदात के दौरान ऐसा कारनामा किया, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। दोनों ने पहले स्कूल के ताले तोड़े, अंदर घुसकर सामान खंगाला और CCTV कैमरों को बोरी से ढकने की कोशिश की। इसके बावजूद उनकी करतूत कैमरों में कैद हो गई। फुटेज में दोनों बदमाश कैमरों के सामने बेखौफ होकर डांस करते हुए भी नजर आ रहे हैं। हालांकि, वे स्कूल से कोई सामान चुराने में सफल नहीं हो सके। ताले तोड़कर प्रिंसिपल ऑसिफ में घुसे बीती रात दोनों अज्ञात बदमाशों ने स्कूल के ताले तोड़कर परिसर में प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने प्रिंसिपल ऑसिफ को निशाना बनाया और वहां तोड़फोड़ की। बदमाशों ने कमरे में रखे सामान को अस्त-व्यस्त कर दिया। इंटरनेट उपकरण क्षतिग्रस्त, स्टेशनरी बिखेरी बदमाशों ने प्रिंसिपल ऑसिफ में रखे इंटरनेट संबंधी उपकरणों को क्षतिग्रस्त कर दिया। मेज पर रखी स्टेशनरी और अन्य सामान को भी बिखेर दिया। पहचान छिपाने के लिए उन्होंने स्कूल में लगे दो निगरानी कैमरों को बोरी से ढक दिया, लेकिन उनकी गतिविधियां अन्य कैमरों में रिकॉर्ड हो गईं। कैमरों के सामने डांस करते दिखे दोनों CCTV फुटेज में दोनों बदमाश स्कूल परिसर में घूमते और तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान दोनों कैमरों के सामने बेखौफ होकर डांस करते भी नजर आए। चोरी करने पहुंचे बदमाशों का यह अंदाज अब पूरे मामले में सबसे चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने में जुटी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच घटना की सूचना मिलने पर धंबोला थाने से सहायक उपनिरीक्षक नारायण लाल, चंदन सहित पुलिस दल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और CCTV फुटेज को जांच में शामिल किया है। फुटेज के आधार पर दोनों बदमाशों की पहचान और उनकी तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं। चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीण चिंतित स्कूल में हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में चोरी की वारदातों को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने और स्कूल में चोरी का प्रयास करने वाले बदमाशों की जल्द पहचान कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।