डूंगरपुर में पंचायतीराज चुनाव के चलते अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में चौरासी पुलिस ने वैजा पुलिस चौकी के पास कार्रवाई की। पुलिस ने एक क्रेटा कार से करीब 5 लाख रुपए की अवैध शराब जब्त की है। नाकाबंदी के दौरान एक क्रेटा कार का ड्राइवर पुलिस को देखकर वापस मुड़ने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो वह एक होटल के सामने कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब और बीयर के कार्टून मिले। जब्त शराब की कीमत करीब 5 लाख रुपए और क्रेटा कार की कीमत करीब 20 लाख रुपए है। कुल 25 लाख रुपए का माल जब्त किया गया। कार से कुल 1493 बीयर टीन, 575 पव्वे, 12 बोतलें और 96 हाफ अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने अवैध परिवहन के आरोप में आबकारी कानून के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।