पंचायती राज चुनाव के तहत पहले चरण में जिला परिषद सदस्यों, पंचायत समिति सदस्यों के नामांकन भरने का समय पूरा हो गया है। मंगलवार दोपहर 3 बजे तक नामांकन भरे गए। नामांकन के अंतिम दिन बड़ी संख्या में प्रत्याशियों ने नोमिनेशन दाखिल किए। मंगलवार सुबह से ही प्रत्याशी और उनके समर्थक कलेक्ट्री और निर्वाचन अधिकारी के सामने नामांकन के लिए पहुंचे। इसके अलावा भाजपा, कांग्रेस और बीएपी से कई बड़े चेहरों ने नामांकन पेश किया। पूर्व विधायकों ने भरा नामांकन इस दौरान भाजपा से पूर्व विधायक देवेंद्र कटारा ने वार्ड 6 वेड से नामांकन भरा। सागवाड़ा की पूर्व विधायक अनिता कटारा ने जिला परिषद के वार्ड 21 भीलुड़ा से नामांकन पेश किया। भाजपा से निवर्तमान जिला प्रमुख सूर्या अहारी के पति रिटायर्ड पंचायत प्रसार अधिकारी बलवीर अहारी ने वार्ड संख्या 17 गलियाकोट से नामांकन पेश किया। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वेलजी भाई पाटीदार ने वार्ड संख्या 30 पूंजपुर से नामांकन पेश किया। रिटायर्ड नायब तहसीलदार नाथूलाल यादव ने कांग्रेस से वार्ड 27 साबला से भी नामांकन पेश किया। वहीं जिला परिषद सदस्य पद के लिए सभी 37 सीटों पर बीएपी प्रत्याशियों ने नामांकन किया। BAP के प्रत्याशी आदिवासियों के परंपरागत वाद्ययंत्र के साथ कलेक्ट्रेट पर नामांकन दाखिल करने पहुंचे थे। डूंगरपुर में जिला परिषद की 37 और 7 पंचायत समितियों में पहले चरण के लिए मतदान होगा।