हनुमानगढ़ में नवरात्र के दौरान सालासर और पल्लू धाम जाने वाले पैदल श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए यातायात पुलिस अभियान चला रही है। इसके तहत श्रद्धालुओं के बैगों पर रेडियम लगाए जा रहे हैं, ताकि रात में वे दूर से दिख सकें। पुलिस पदयात्रियों को फल और पानी भी बांट रही है। उन्हें सुरक्षित यात्रा के लिए जागरूक किया जा रहा है। मंगलवार को टाउन स्थित यातायात शाखा के बाहर प्रभारी अनिल चिन्दा के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने कई बैगों पर रेडियम चिपकाए। इस दौरान श्रद्धालुओं को सड़क के किनारे-किनारे चलने की सलाह दी गई। अनिल चिन्दा ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के निर्देश पर यह अभियान चल रहा है। श्रद्धालुओं से अपील है कि वे सड़क पर चलने के बजाय किनारे चलें, रात में टॉर्च का इस्तेमाल करें और कचरा सड़क पर न फेंकें। यातायात पुलिस की टीमें रावतसर-संगरिया रोड पर अनाउंसमेंट कर वाहन चालकों को भी जागरूक कर रही हैं। भारी वाहन चालकों को तेज गति से गाड़ी न चलाने के निर्देश दिए गए हैं। पदयात्रियों को पैरों की मसाज, वाइब्रेशन और कांसा मशीन से मिल रही राहत हनुमानगढ़ के टाउन स्थित प्राकृतिक चिकित्सालय ने सालासर-पल्लू धाम की पैदल यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं के लिए मंगलवार को नि:शुल्क शिविर शुरू किया। यह शिविर करीब एक सप्ताह तक चलेगा। इसका मकसद लंबी दूरी तय करने वाले पदयात्रियों को थकान से राहत देना है। शिविर में पदयात्रियों के पैरों की मसाज मशीनों से की जा रही है। पैरों की नसों को आराम देने के लिए वाइब्रेशन थैरेपी और कांसा मशीन से मालिश की सुविधा भी है। इन सेवाओं से पैदल चलने के कारण होने वाली थकान और पैरों की परेशानी में आराम मिलता है। नेचुरोपैथी विशेषज्ञ मायरा ढाका ने बताया कि यातायात पुलिसकर्मियों को पदयात्रियों के लिए फल और पानी बांटते देख वे प्रेरित हुईं। इसी से उन्हें यह नि:शुल्क शिविर लगाने का विचार आया। शिविर में डॉ. कुलदीप, इन्द्रसेन और चिकित्सालय के स्टाफ अपनी सेवाएं दे रहे हैं।