डूंगरपुर जिले के रामसागड़ा गांव में एक युवक ने निर्माणाधीन मकान में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर रामसागड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को मॉर्च्युरी में रखवाया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। रामसागड़ा निवासी मगन खाट ने पुलिस को बताया कि उनके छोटे बेटे ईश्वर ने अपने निर्माणाधीन मकान में बल्ली पर फंदा लगाकर जान दे दी। ईश्वर सड़क किनारे बने अलग मकान में परिवार के साथ रहता था। उसकी शादी नहीं हुई थी। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण जमा हो गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतारा और एंबुलेंस से जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी पहुंचाया। पिता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। रामसागड़ा थाना के एएसआई विद्याशंकर ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।