डूंगरपुर जिले की सागवाड़ा थाना पुलिस ने बीजावाड़ा में सब्जी बेचने वाली एक महिला से हुई लूट का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। डोला निवासी मंजू डामोर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह पिछले करीब 2 सालों से घर-घर और आसपास के गांवों में घूमकर सब्जी बेचती है। 14 सितंबर 2026 को वह सुबह टोकरी में सब्जी लेकर ठाकरडा गई थीं। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार, जिसके पीछे एक महिला बैठी थी, उनके पास आया। उसने घर के वास्तु का बहाना बनाकर टोकरी भरकर सब्जी मांगी और घर जाकर पैसे देने की बात कही। मंजू उनकी बात मानकर मोटरसाइकिल पर बैठ गईं। वे उसे ठाकरडा से बीजावाड़ा की तरफ ले गए। एक सुनसान गली में पहुंचने पर जब मंजू ने जाने से मना किया, तो मोटरसाइकिल सवार ने गाड़ी रोककर उसका मुंह दबा दिया। साथ बैठी महिला ने उनके दोनों पैरों से करीब 20 तोले वजनी चांदी के पायजेब निकाल लिए। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर दोनों बीजावाड़ा की तरफ फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। टीम ने लगातार करीब 45 सीसीटीवी कैमरों की जांच की और तकनीकी मदद से छानबीन की। इसके बाद मुख्य आरोपी फावटा निवासी भुवेश रोत को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। पूछताछ में आरोपी भुवेश रोत ने अपनी महिला मित्र के साथ मिलकर यह वारदात करना कबूल किया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और आगे की पूछताछ जारी है।