शक्ति की आराधना का महापर्व शारदीय नवरात्रि रविवार 11 अक्टूबर से शुरू होगा। इसे लेकर डूंगरपुर शहर में तैयारियां जोर-शोर से जारी है। देवी मंदिरों से लेकर गरबा पांडालों तक रंग-बिरंगी लाइटिंग और आकर्षक सजावट की जा रही है। नवरात्र के 9 दिन तक शहर में भक्ति और उत्सव का माहौल रहेगा। रात होते ही गरबा और डांडिया की धूम मचेगी। वहीं, नवरात्रि के पहले दिन घट स्थापना के लिए सुबह और दोपहर में शुभ मुहूर्त रहेंगे। 'आराधना से बढ़ता है आत्मबल' आचार्य संजय पंड्या शास्त्री ने बताया कि शारदीय नवरात्र माता शक्ति की साधना और उपासना का पर्व है। इन 9 दिनों में व्रत, उपवास और यम-नियम का पालन कर व्यक्ति अपने आंतरिक विकारों पर नियंत्रण पाने का प्रयास करता है। माता की आराधना से आत्मबल बढ़ता है और सकारात्मक ऊर्जा के साथ अपने कार्यों को पूरा करने की प्रेरणा मिलती है। नवरात्र में कन्या पूजन और बटुक पूजन का भी विशेष महत्व है। शुभ मुहूर्त में घरों, मंदिरों और पांडालों में घट स्थापना की जा सकेगी। 9 दिन तक रहेगी गरबा-डांडिया की रौनक नवरात्र को लेकर शहर के हाउसिंग बोर्ड माताजी चौक, शास्त्री कॉलोनी माताजी चौक, फौज का बड़ला, न्यू कॉलोनी, सोनिया चौक, दर्जीवाड़ा और कंसारा चौक सहित कई स्थानों पर गरबा महोत्सव के आयोजन होंगे। गरबा मंडलों की ओर से पांडालों को सजाने और आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। देवी मंदिरों को भी रंग-बिरंगी फर्रियों और आकर्षक रोशनी से सजाया जा रहा है। नौ दिनों तक शहर में धार्मिक आयोजनों के साथ गरबा-डांडिया की रौनक देखने को मिलेगी।