बुधवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। दिनभर की तीखी धूप और अक्टूबर की गर्मी के बाद शाम करीब 5 बजे अचानक तेज हवाएं चलने लगीं और हल्की बूंदाबांदी हुई। गुरुवार को भी बादल छाने और चमक-गरज के साथ बारिश का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक रहा। दिन में लोग तेज धूप को लेकर परेशान रहे। न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक दर्ज हुआ है। शाम करीब पांच बजे आकाश में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई। थोड़ी देर में तेज हवा के साथ बादल छा गए मगर उमस बरकरार रही। बूंदाबांदी हुई मगर इससे तापमान पर कोई खास असर नजर नहीं आया। 15 अक्टूबर को भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।