सोड़ाला से गुर्जर की थड़ी तक 2.4 किमी लंबाई में अतिक्रमण हटाने के लिए डिमार्केशन और नोटिस की कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा है। करीब 260 मकान-दुकान अतिक्रमण की जद में हैं और जेडीए 210 को ध्वस्त करने के लिए नोटिस दे चुका है। किसी का दो मंजिला पूरा मकान जद में आ गया, किसी के पास केवल एक इंच जमीन बच रही है। जेडीए ने हाईकोर्ट आदेश की पालना में सोड़ाला से गुर्जर की थड़ी तक अतिक्रमियों को नोटिस देना शुरू किया था। नोटिस और डिमार्केशन की कार्रवाई का लोगों ने विरोध किया। जेडीए से मिले नोटिस का 7 दिन में जवाब देना है। नप गई जिंदगी; किसी की तीन पीढ़ियों का ठिकाना जद में, किसी की 40 साल की रोजी-रोटी छिनने की नौबत प्रेमी देवी का परिवार 90 साल से अशोकपुरा के प्लॉट नंबर 94 में रह रहा है। जेडीए 100 फीट की जद में बताकर तोड़ रहा है। 7 साल पहले पति की मौत हो गई। इसके बाद प्रेमी ने 50 लाख का लोन लेकर दो मंजिला बनाया। मकान 126 गज का है। 100 तोड़ने के बाद 5 फीट जगह बचेगी। बेटा अस्पताल में है। इसी बीच ध्वस्तीकरण का नोटिस मिला। रुआंसी प्रेमी कहती हैं कि परिवार के सड़क पर आने की नौबत है। पूनम शर्मा का परिवार 40 साल से यहां रह रहा है नीचे दुकानें और ऊपर मकान है डिमार्केशन के बाद मकान-दुकान अतिक्रमण की जद में आ रहे हैं। परिवार की रोटी और छत दोनों छिनने की नौबत। एक दुकान 25 फीट की, 25 में से 24.11 फीट अतिक्रमण की चपेट में, अब 1 इंच बचेगी। मकान तोड़े, सड़क आज तक नहीं बनी जेडीए ने दो साल में दो जगह अतिक्रमण हटाए थे। खातीपुरा-सिरसी रोड पर 300 से ज्यादा अतिक्रमण हटाए। एक साल बीत चुका है, लेकिन सड़क नहीं बनी। न्यू सांगानेर रोड पर 600 दुकानें तोड़ी, पर अभी तक सड़क अधूरी पड़ी है।