कस्बे में रायसागर बांध से पानी की निकासी के लिए बनी मुख्य मोरी पर अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया है। पानी की निकासी बाधित होने से ग्रामीणों में भारी रोष है। ऐसे में इस समस्या को लेकर गुरुवार को सुबह उपखंड कार्यालय पर ग्रामीण एकत्र होकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा तथा मोरी का रास्ता अतिक्रमण मुक्त करवाने की मांग की। ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि रायसागर बांध की मोरी से चौथ माता सरोवर सहित पूरे गांव के बरसाती पानी की निकासी होती है। यह पानी शंकरपुरा ढाणी होते हुए बायपास पुलिया के नाले से गलवा नदी और आगे बनास नदी में पहुंचता है। ग्रामीणों का आरोप है कि अतिक्रमी द्वारा सिवायचक भूमि पर मिट्टी डालकर पानी की निकासी वाली मोरी के रास्ते को अवरुद्ध कर दिया गया है। इससे बरसाती पानी की निकासी प्रभावित होने के साथ ही आसपास के क्षेत्र में जलभराव का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने बताया कि अतिक्रमण के कारण शंकरपुरा ढाणी से बायपास पुलिया तक बने सीसी मार्ग पर भी आवागमन प्रभावित हो रहा है। इस मार्ग से दर्जनों कुएं जुड़े हुए हैं और सैकड़ों परिवारों की आवाजाही होती है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान पानी की निकासी नहीं होने पर खेतों और आबादी क्षेत्र में पानी भरने की आशंका है। इससे ग्रामीणों और किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। ज्ञापन सौंपने के दौरान पप्पू माली, शंकर लाल, नाथू लाल सैनी, राजन्ती देवी ,छोटू लाल सैनी, जितेंद्र कुमार, शिवराज सैनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।