सकतपुर| किशनपुरा ग्राम पंचायत के बेहलावन गांव से शनिवार को ग्रामीण देवधाम झाड़ौता मंदिर की पदयात्रा पर रवाना हुए। ग्रामीणों ने क्षेत्र की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना की। पदयात्रा में गाजे-बाजे के साथ श्रद्धालु नाचते-गाते चल रहे थे। कामराज गुर्जर, मेघराज गुर्जर, प्रदीप धाकड़, दिनेश गुर्जर, महेंद्र गुर्जर, बृजेश नागर, कजोड़ लाल ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी पदयात्रा निकाली गई। रवाना होने से पहले सभी ग्रामीण गांव के हनुमान मंदिर पहुंचे। देवनारायण भगवान के मंदिर में भी पूजा-अर्चना की। धर्म ध्वजा लेकर महिला-पुरुष बड़ी संख्या में जयकारे लगाते हुए झाड़ौता के देवनारायण मंदिर के लिए रवाना हुए। पदयात्री देवधाम झाड़ौता मंदिर पहुंचकर क्षेत्र की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। पदयात्रा का आयोजन ग्रामीणों के सहयोग से किया गया है।