भास्कर न्यूज |सवाई माधोपुर तेरापंथ भवन, आदर्श नगर में अभा तेरापंथ युवक परिषद की बहुआयामी सार संभाल यात्रा कार्यक्रम आयोजित हुआ जिसमें सोमवार को राष्ट्रीय सहमंत्री अंकुर लूणिया, शाखा प्रभारी तुषार सुराणा, गौतम बरडिया का आगमन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत नमस्कार महामंत्र के सामूहिक जप से हुई। सदस्यों ने विजय गीत का सुमधुर संगान किया। राष्ट्रीय सहमंत्री अंकुर लूणिया ने श्रावक निष्ठा पत्र का सामूहिक वाचन करवाया। परिषद अध्यक्ष भीकम जैन, सभा अध्यक्ष अनिल जैन, परिषद मंत्री धर्मचंद जैन व अक्षय जैन ने अतिथिओं का दुपट्टा पहनाकर अभिनंदन किया। गौतम बरडिया ने युवक परिषद के नवीन आयामों की जानकारी व सम्यक दर्शन परीक्षा कार्यशाला के लिए अधिकाधिक रजिस्ट्रेशन करने की प्रेरणा दी। शाखा प्रभारी तुषार सुराणा ने हित युवा कित युवा, मंत्र दीक्षा, रक्षाबंधन कार्यशाला, सम्यक दर्शन परीक्षा, बारहव्रत ग्रहण, रक्तदान व नेत्रदान आदि नवीन आयामों में परिषद के बढ़ते चरण की जानकारी दी। राष्ट्रीय सहमंत्री अंकुर लूणिया ने स्थानीय परिषद की विभिन्न आयामों में सहभागिता के प्रति संतोष जताया। उपासक चन्द्रप्रकाश जैन ने युवकों से नियमित सामायिक करने व शनिवारीय सामूहिक सामायिक में भाग लेने की प्रेरणा दी। अभा तेरापंथ युवक परिषद के निर्देशन में आयोज्य रक्तदान कर्त्तव्यम व नेत्रदान फोर्टनाइट बैनर का अनावरण भी किया गया। सभा अध्यक्ष अनिल जैन ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। तेरापंथ किशोर मंडल का गठन करते हुए संयम सुबोध जैन को संयोजक नियुक्त किया गया। कार्यक्रम का संयोजन अध्यक्ष भीकम जैन ने किया। कार्यक्रम में महिला मंडल मंत्री सीमा जैन, उपासिका ललिता जैन, परिषद उपाध्यक्ष पंकज जैन, कोषाध्यक्ष तरुण जैन, संगठन मंत्री निशांत जैन, सहमंत्री सौरभ जैन, पुलकित जैन, रौनक जैन, मनोज जैन, संदीप जैन, निवर्तमान अध्यक्ष अजय जैन आदि की उपस्थिति रही।