भास्कर न्यूज | राजसमंद शारदीय नवरात्र को लेकर जिलेभर के प्रमुख शक्ति पीठों और मंदिरों में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। माताजी के मंदिरों में रविवार को शुभ मुहूर्त में घट स्थापना के साथ नौ दिवसीय नवरात्र महोत्सव शुरू होगा, जबकि अधिकांश भैरूजी के देवरे में शनिवार को अमावस्या के अवसर पर ही घट स्थापना की जाएगी। नवरात्र को लेकर मंदिरों में सजावट, विशेष शृंगार और धार्मिक अनुष्ठानों की तैयारियां की जा रही हैं। शहर में गरबा पांडाल भी सज गए हैं। नवरात्र की पहली रात से ही माता के भजनों पर गरबा-डांडिया की खनक सुनाई देगी। आश्विन शारदीय नवरात्र के नौ दिनों तक माताजी के मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना होगी। कई मंदिरों में अखंड रामायण पाठ, सुंदरकांड, दुर्गा चालीसा, दुर्गा सप्तशती, देवी अर्गला स्तोत्र और सिद्ध कुंजिका स्तोत्र के पाठ सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे। बड़ी संख्या में श्रद्धालु नौ दिन तक व्रत रखकर माता की आराधना करेंगे। मंदिरों में माताजी की प्रतिमाओं का विशेष शृंगार किया जाएगा और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ेगी। शहर के पुराने बस स्टैंड स्थित राठासेन माताजी मंदिर, आवरी माता मंदिर, नौ चौकी पाल स्थित गेवर माता और अंबे माताजी मंदिर, राजगढ़ की पहाड़ी स्थित राजराजेश्वरी अन्नपूर्णा माताजी मंदिर, मालनिया चौक स्थित चावंडा माता, धोरा मोहल्ला स्थित नाहर सिंह माताजी और मंदिर मार्ग स्थित नगरकोट माताजी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना होगी। इसके साथ ही आसोटिया स्थित चावंडा माताजी, मोही स्थित नृसिंह माताजी, धोइंदा स्थित धुंधलाज माताजी, राजनगर के मालीवाड़ा स्थित अंबे माताजी, सांसरे स्थित जलदेवी और रिछेड़ स्थित आमज माताजी मंदिर में भी घट स्थापना की जाएगी। जिले के देवगढ़ स्थित करणी माताजी, रेलमगरा स्थित सूरजबारी माताजी, खटूकड़ा की कालका माताजी, फतहपुरा की चावंड माता, कुंवारिया की कालिका माताजी और गोगाथला की चावंड माता के मंदिरों में भी नवरात्र को लेकर तैयारियां की गई हैं। राजगढ़ की पहाड़ी स्थित अन्नपूर्णा माताजी, सूरजबारी माताजी, जलदेवी और रिछेड़ की आमज माताजी के दर्शन के लिए भी श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। हनुमान मंदिरों में भी नवरात्र के दौरान विशेष पूजा-अर्चना और अनुष्ठान होंगे। पंडित जितेंद्र कुमार शर्मा के अनुसार, रविवार को नवरात्र के पहले दिन घट स्थापना के लिए कई शुभ चौघड़िया मुहूर्त रहेंगे। चर चौघड़िया सुबह 7:59 से 9:26 बजे तक, लाभ चौघड़िया सुबह 9:26 से 10:54 बजे तक और अमृत चौघड़िया सुबह 10:54 से दोपहर 12:21 बजे तक रहेगा। शुभ चौघड़िया दोपहर 1:48 से 3:16 बजे तक रहेगा। वहीं, अभिजित मुहूर्त सुबह 11:58 से दोपहर 12:44 बजे तक रहेगा। नवरात्र के साथ ही शहर और आसपास के क्षेत्रों में गरबा महोत्सव की रौनक भी बढ़ेगी। विभिन्न पांडालों में माता के भजनों के बीच श्रद्धालु गरबा-डांडिया करेंगे। मंदिरों में पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजनों के साथ नौ दिनों तक भक्तिमय माहौल रहेगा।