जयपुर के गोनेर स्थिति जगदीश महाराज मंदिर से एक महिला के गले से मंगलसूत्र चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरों ने भीड़ का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना 23 अगस्त दोपहर करीब 12.40 बजे की है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक युवती पीड़ित महिला के गले में हाथ डालती और मंगलसूत्र तोड़कर ले जाती दिखाई दे रही है। पीड़ित ने शिवदासपुरा थाने में युवती के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है। भीड़ का फायदा उठाकर दिया वारदात को अंजाम पीड़ित विक्रम सैनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने परिवार के साथ मंदिर में दर्शन करने के लिए गया था। उस वक्त मंदिर परिसर में काफी भीड़ थी। इस दौरान एक युवती ने उसकी पत्नी ममता सैनी (30) के गले में हाथ डालकर मंगलसूत्र तोड़ लिया। भीड़ ज्यादा होने के कारण घटना का तुरंत पता नहीं चला। मंदिर परिसर के सीसीटीवी में संदिग्ध युवती नजर आ रही है। आरोपी महिला चेहरा छुपाकर आई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, मंगलसूत्र की वर्तमान बाजार भाव के हिसाब से कीमत 1 लाख 65 हजार रुपए है। चोरी हुआ मंगलसूत्र करीब 10.830 ग्राम वजन का था। परिवार ने पुलिस से संदिग्ध युवती की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी और चोरी हुआ मंगलसूत्र बरामद कराने की मांग की है। परिजनों ने की कार्रवाई की मांग पीड़ित परिवार ने शिवदासपुरा थाना पुलिस से अज्ञात युवती और उसके संभावित साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तत्काल जांच करने की मांग की है। शिवदासपुरा थानाधिकारी राजेश गौतम ने बताया कि हरि नगर -3, स्वेज फार्म, सोड़ाला निवासी विक्रम सैनी ने मुकदमा दर्ज करवाया है। जिसमें उनकी पत्नी ममता सैनी से उनके पीछे खड़ी महिला के खिलाफ चेन तोड़ने का मामला दर्ज करवाया गया है। पीड़ित की ओर से सीसीटीवी और अन्य फुटेज उपलब्ध करवाए गए। जिनके आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।