राजस्थान सरकार ने प्रदेश के सभी जिलों के राजकीय कार्मिकों, राज्य स्वायत्तशासी निकायों और सार्वजनिक उपक्रमों के कर्मचारियों के साथ 70 वर्ष तक के पात्र पेंशनर्स के लिए कम्पोजिट सैलरी अकाउंट पैकेज (सीएसपी) लागू किया है। पैकेज के तहत सामान्य बैंक खाते की तुलना में अतिरिक्त बैंकिंग, ऋण और बीमा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पात्र कार्मिक अपना मौजूदा बैंक खाता सीएसएपी में परिवर्तित करवा सकेंगे या सूचीबद्ध बैंक में नया खाता खुलवा सकेंगे। खास बात यह है कि पैकेज में व्यक्तिगत दुर्घटना पर अधिकतम 3.50 करोड़ और हवाई दुर्घटना पर चार करोड़ रुपए तक के बीमा का प्रावधान है। हालांकि, वास्तविक बीमा कवर संबंधित बैंक और पैकेज की शर्तों के अनुसार निर्धारित होगा। प्रदेश में लाभार्थियों की संख्या को लेकर क ार्मिक विभाग के ऑनलाइन मानव संसाधन पोर्टल पर 10 लाख से अधिक कर्मचारी दर्ज हैं। वित्त विभाग के संयुक्त शासन सचिव हरीश लड्ढा के अनुसार पैकेज में जीरो बैलेंस सैलरी अकाउंट मिलेगा। एनईएफटी, आरटीजीएस, आईएमपीएस और यूपीआई से धन हस्तांतरण निशुल्क रहेगा। इसके साथ ही आवास, शिक्षा, वाहन और व्यक्तिगत ऋण पर रियायती ब्याज दर के साथ प्रसंस्करण शुल्क तथा लॉकर किराए में भी छूट मिलेगी। जीवन और स्वास्थ्य बीमा के साथ कार्ड सुविधाएं पैकेज में अधिकतम चार करोड़ रुपए तक हवाई दुर्घटना बीमा और 20 लाख रुपए तक टर्म लाइफ इंश्योरेंस का प्रावधान है। स्वयं एवं परिवार के लिए स्वास्थ्य बीमा और अतिरिक्त टॉप-अप की सुविधा भी मिलेगी। डेबिट-क्रेडिट कार्ड के साथ एयरपोर्ट लाउंज, रिवॉर्ड और कैशबैक जैसे लाभ भी शामिल किए गए हैं। कम्पोजिट सैलरी अकाउंट पैकेज सरकारी कर्मचारियों और पात्र पेंशनर्स के लिए विशेष बैंकिंग व्यवस्था है। इसमें सामान्य वेतन खाते के साथ अतिरिक्त बीमा, रियायती ऋण और निशुल्क बैंकिंग सुविधाएं मिलेंगी। लाभ लेने के लिए सूचीबद्ध 12 बैंकों में से अपनी पसंद का बैंक चुनना होगा। संबंधित शाखा में जाकर मौजूदा वेतन अथवा पेंशन खाते को सीएसएपी में परिवर्तित कराने या नया खाता खोलने का अनुरोध कर सकते हैं। बैंक से पहचान, सेवा अथवा पेंशन संबंधी आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी लें।