हनुमानगढ़ के जंक्शन रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित बालाजी मंदिर में मंगलवार को 17वें गणेश महोत्सव का तीसरा दिन श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। स्वर्णकार समाज समिति, मराठा मंडल और लोगों के सहयोग से हुए इस महोत्सव में सुबह से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे। मंदिर परिसर गणपति बप्पा के जयकारों से गूंज उठा। पंडित विजय कुमार शर्मा की देखरेख में सुबह यजमान सुधीर जांगिड़ और सीमा जांगिड़ ने पूजा करवाई। शाम की आरती मुख्य यजमान रोहित सोनी और वंदना सोनी ने अपने परिवार के साथ की। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से भर गया। समिति अध्यक्ष बबलू सोनी ने बताया कि गणेश महोत्सव समाज की एकता और धार्मिक आस्था का प्रतीक है। महोत्सव के दौरान रोज विशेष पूजा और आरती हो रही है, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग और श्रद्धालु हिस्सा ले रहे हैं। महोत्सव को लेकर लोगों में खास उत्साह है। बबलू सोनी ने यह भी बताया कि 24 सितंबर को मंदिर परिसर में बड़ा भंडारा होगा। इसमें सैकड़ों श्रद्धालु प्रसाद लेंगे। वहीं, 25 सितंबर को शोभायात्रा निकालकर गणेश प्रतिमा का विसर्जन होगा। शोभायात्रा में सुंदर झांकियां सजाई जाएंगी और ढोल-नगाड़ों की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते गणपति बप्पा को विदाई देंगे। इसके साथ ही महोत्सव का समापन हो जाएगा। इस मौके पर स्वर्णकार समाज समिति के अध्यक्ष बबलू सोनी, सतीश सोनी, कोषाध्यक्ष अनिल मराठा, प्रचार मंत्री अमन सोनी, सुधीर जांगिड़, सागर सोनी, संजीव सोनी, राकेश जांगिड़, हर्ष सोनी, ध्रुव सोनी, जितेंद्र बेदी, दलीप सर, छिदा सिंह, समर जांगिड़, जय सोनी और विक्की समेत कई पदाधिकारी और समाज के लोग मौजूद थे।